घर में घुसकर भाजपा नेता पर बरसाए थे थप्‍पड़, अब गुहार लगा रही कांग्रेस नेत्री रोशनी कुशल जायसवाल

15 सितंबर को भाजपा नेता को घर में घुसकर पीटा था,पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया था मुकदमा

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। वाराणसी के रहने वाली एवं भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रोशनी कुशल जायसवाल का यूथ कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें रोशनी कुशल रोते हुए लोगों से मदद मांग रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बता दें कि शुक्रवार दोपहर को उनके घर पर कुर्की का नोटिस पुलिस ने चस्पा किया था। इसके बाद उन्होंने ये वीडियो जारी किया है।जारी किए गए वीडियो में रोशनी कुशल कह रही हैं कि मैं वही रोशनी कुशल जायसवाल हूं, जिसने 15 सितंबर को बलात्कार की धमकी देने वाले भाजपा समर्थक राजेश सिंह पर एक थप्पड़ जड़ा था। इसके बाद मुझ पर कई धाराएं लगाई जा चुकी हैं। जिसके चलते मैं 40 दिन से फरार हूं। इधर, कोर्ट से एक थप्पड़ मारने कि लिए घर की कुर्की करने का आदेश दे दिया। क्या अपनी आबरू बचाने के लिए दुष्कर्म के धमकी देने वाले को थप्पड़ मारना इतना गलत हो गया कि मेरे परिवार को तहस-नहस कर दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि मैं हर महिला से हाथ जोड़ कर के निवेदन करना चाहती हूं कि आप अगर दुष्कर्म की धमकी झेल रही हैं तो आवाज मत उठाइएगा। पति और घरवालों से कहिएगा हाथ में चूड़ी पहनकर बैठ जाएं, आवाज उठाएंगे तो जेल जाएंगे।
रोशनी कुशल ने कहा कि आप सब से विनम्र निवेदन है कि मेरे फेसबुक आईडी पर जाइए और देखिए मैंने सिर्फ एक थप्पड़ मारा है। मेरे पति ने तो मारा भी नहीं है। बताइए आप सब क्या मेरे साथ इंसाफ हो रहा है। नौ साल के बेटे के साथ 40 दिन से भटक रही हूं। कृपया मेरी मदद कीजिए। बता दें कि 15 सितंबर को वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी में भाजपा समर्थक राजेश सिंह को पीटने के मामले में रोशनी कुशल जायसवाल पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उन पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button