देवर के साथ मिलकर भाभी करती थीं शराब की तस्करी, 285 नेपाली शराब की बोतलें बरामद
Bhabhi used to smuggle liquor along with her brother-in-law, 285 bottles of Nepali liquor recovered

शिवहर/बिहार। शिवहर जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पिपराही थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में छापेमारी करके 285 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई है। एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका देवर फरार होने में कामयाब हो गया। उत्पाद अधीक्षक रणधीर कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पकड़ी गांव में ललिता देवी और उसका देवर शराब की तस्करी करते हैं। इस सूचना पर एक टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर हीरालाल राम ने किया। टीम में उत्पाद अवर निरीक्षक ओमप्रकाश यादव, सुदामा कुमार, निकिता कुमारी और गृहरक्षक जवान शामिल थे।
टीम ने पकड़ी गांव पहुंचकर ललिता देवी के घर की घेराबंदी की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान नेपाली शराब की 285 बोतलें बरामद हुईं। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन उसका देवर भागने में सफल रहा। उत्पाद विभाग ने एक कार और एक बाइक भी जब्त की है। उत्पाद अधीक्षक रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि महिला और उसके देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




