दिल्ली में अवैध तरीके से पार्क गाड़ियों पर मोबाइल ऐप से रखी जाएगी नजर

Illegally parked vehicles in Delhi will be monitored through a mobile app

नई दिल्ली। सड़कों पर जहां-तहां अवैध रूप से पार्क गाड़ियों पर सिर्फ ट्रैफिक पुलिस ही नहीं बल्कि आप भी नजर रख सकते हैं। एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एक ऐसा ऐप डेवलप कर रही है जिस पर अवैध तरीके से पार्क गाड़ियों का फोटो खींचकर कोई भी अपलोड कर सकता है। अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ चालान भी किया जाएगा। दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था सुधार और जाम से राहत के लिए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ऐप डेवलप करने का आदेश दिया है।
दिल्ली में बेतरतीब ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और दशकों से जाम से जूझते लोगों की समस्या सुलझाने के लिए एलजी ने दो ट्रैफिक जोन के स्पेशल पुलिस कमिश्नर, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, एमसीडी और एनडीएमसी अधिकारियों की मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि ट्रैफिक समस्या सुलझाने के लिए ट्रैफिक पुलिस, एमसीडी और एनडीएमसी एक ऐसा ऐप डेवलप करे जिस पर सड़क किनारे अवैध पार्क गाड़ियों का फोटो खींचकर कोई भी अपलोड कर सके और तस्वीरों के आधार पर ट्रैफिक पुलिस गाड़ी मालिक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करे। एनडीएमसी एरिया में माली को भी एलजी ने इस काम के लिए अधिकृत करने के लिए कहा है।
सड़क किनारे एंगुलर पार्किंग बनेंगी
जिन सड़कों के किनारे एमसीडी, एनडीएमसी या अन्य सरकारी एजेंसियों ने लंबवत (परपेंडिकुलर) पार्किंग बनाई है, ऐसे पार्किंग के बजाय उसे एंगुलर पार्किंग में तब्दील किया जाएगा। लंबवत पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को बाहर निकालने में ट्रैफिक प्रभावित होता है और कई बार जाम भी लग जाता है। लोगों को भी परेशानी होती है। ऐसे में एंगुलर पार्किंग सिस्टम बेहतर है और पार्किंग से गाड़ियों को बाहर निकालने में भी आसानी होती है। भारी वाहन सड़कों पर बाईं लेन मे ही चले, यह सुनिश्चित करने के लिए भी एलजी ने ट्रैफिक पुलिस को कहा है।
एलजी ने कहा कि दिल्ली में जितने भी मल्टीलेवल पार्किंग हैं, उनका इस्तेमाल पूरी क्षमता के अनुसार नहीं किया जा रहा है। कमला नगर और युसूफ सराय मार्केट मल्टी लेवल पार्किंग का उदहारण एलजी ने दिया। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल पूरी तरह से नहीं होने के चलते ही रिहायशी इलाकों की गलियों और सड़कों पर पार्किंग की समस्या है और इससे ट्रैफिक जाम हो रहा है। ट्रैफिक पुलिस अफसरों को उन्होंने आदेश दिया कि वह यह सुनिश्चित करें कि जितने भी मल्टीलेवल पार्किंग हैं उनका पूरा इस्तेमाल हो। कमला नगर और युसूफ सराय मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लेने को कहा। एलजी ने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की पार्किंग फीस में छूट दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button