हिमाचल प्रदेश के लिए आईएमडी ने जारी की चेतावनी, 7 जिलों फिर मंडराया खतरा

IMD issues warning for Himachal Pradesh, 7 districts in danger again

शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश में मौसम से मिले जख्म अभी हरे ही हैं। अभी भी शिमला, कुल्लू और मंडी में बादल फटने से मची तबाही से जूझ रहे हैं। एनएच-5 और एनएच-505 अभी भी बंद हैं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर हिमाचल के सात जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, किन्नौर, चंबा, मंडी और सिरमौर के लिए फ्लश फ्लड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने प्रशासन को हिदायत दी है कि वह लोगों को बरसाती नालों और नदियों के पास नहीं जाने के लिए चेतावनी जारी करे।
आईएमडी के अनुमान के मुताबिक 12 अगस्त तक पूरे राज्य में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इस दौरान बादल फटने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण किन्नौर के एनएच-5 और लाहौल- स्पीति जिले में एनएच-505 सहित दो नेशनल हाइवे बंद हो चुकी है। इसके अलावा मंडी की 35 और कुल्लू की 20 सड़कों पर यातायात ठप है। सरकारी विभागों से मिली जानकारी के मुताबिक इन इलाकों में कुल 85 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।
हिमाचल की 65 वॉटर सप्लाई स्कीम के साथ-साथ 116 बिजली लाइनें भी प्रभावित हुईं हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान शिमला में 7.5 मिमी , ऊना में 40.2 मिमी, बिलासपुर में 25 मिमी और कुफरी में 13.4 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। आईएमडी ने इन इलाकों में भूस्खलन की चेतावनी भी दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button