गाजियाबाद के जंगल के बीच खंडहर में चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री पकड़ी,एक गिरफ्तार

गाजियाबाद। बॉर्डर और स्वॉट टीम ग्रामीण जोन ने जंगल में एक खंडहर मकान के कमरे में चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को दबोच लिया। जबकि उसका साथी मौके से भाग गया।
चुनाव में आपूर्ति कर अच्छे रुपये कमाने के लिए तमंचे बना रहे थे। पुलिस ने आठ अवैध तमंचे, 25 अधबने, दो लोहा, एक हथौडा, एक ड्रिल मशीन, एक धौंकनी, एक खांचा, एक गुनिया लोहा, दो छेनी, समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित राशिद अली गेट थाना लोनी के सुफियान है। उसका फरार साथी शोएब है। पुलिस पूछताछ में आरोपित सुफियान ने बताया कि वह और उसका साथी शोएब एकान्त स्थान देखकर नए अवैध तमंचे बना रहे थे।
आगामी चुनाव में असलहों की मांग रहती है, जिसके अच्छे रुपये मिल जाते हैं। उसे बेचकर रुपये कमाकर अपने शौक पूरे करते हैं। आरोपित सुफियान के खिलाफ कोतवाली लोनी, लोनी बॉर्डर, ट्रॉनिका सिटी पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, पुलिस मुठभेड़ तथा आर्म्स एक्ट के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।




