चार महीने बाद कोर्ट पर वापसी करेंगे कार्लोस अलकराज

सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन कार्लोस अलकराज चोट से उबरने के बाद वापसी करने और अपने यूएस ओपन खिताब का बचाव करने के लिए तैयार हैं।

न्यूयार्क/एजेंसी। सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन कार्लोस अलकराज चोट से उबरने के बाद वापसी करने और अपने यूएस ओपन खिताब का बचाव करने के लिए तैयार हैं। अलकराज अप्रैल से दाईं कलाई की चोट के कारण टेनिस कोर्ट से दूर हैं। इस चोट के चलते उन्हें फ्रेंच ओपन और विंबलडन दोनों से बाहर रहना पड़ा।
अलकराज ने पिछले साल जानिक सिनर को फाइनल में हराकर अपना दूसरा यूएस ओपन खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी अपने नाम किया और अपने अगले टूर्नामेंट में भी जीत दर्ज की। इस तरह उन्होंने इस सत्र की शुरुआत 22-3 के शानदार रिकॉर्ड के साथ की।
हालांकि, बार्सिलोना ओपन में अपना पहला मुकाबला जीतने के बाद अलकराज ने चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। लंबे समय से बाहर रहने के बावजूद वह एटीपी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर कायम हैं। इंटरनेट मीडिया पर उनकी अभ्यास करते हुए तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, जिससे माना जा रहा था कि वह यूएस ओपन से पहले हार्ड-कोर्ट सत्र में वापसी कर सकते हैं।
हालांकि, उन्होंने सिनसिनाटी ओपन से भी नाम वापस ले लिया। यह टूर्नामेंट अभी जारी है और बुधवार रात एक मुकाबले के दौरान कमेंटेटरों ने चर्चा की कि क्या अलकराज बिना पर्याप्त तैयारी के ग्रैंडस्लैम में वापसी करेंगे। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सिनर भी चोट के कारण कोर्ट से दूर हैं। विंबलडन का खिताब जीतने के बाद उन्होंने कोई मुकाबला नहीं खेला है। दाईं घुटने की चोट के कारण उन्होंने सिनसिनाटी टूर्नामेंट से नाम वापस लिया और कहा कि उनका ध्यान न्यूयार्क में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होने पर है।
एलेना रिबाकिना के टखने की चोट के कारण पहले सेट से हट जाने से इगा स्वियातेक ने सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई। जब दूसरे नंबर की खिलाड़ी रिबाकिना 1-4, 40-40 के स्कोर पर सर्व कर रही थीं, तब उन्होंने अपने बाएं टखने का इलाज कराने के लिए मेडिकल टाइमआउट लिया और कुछ ही क्षण बाद मैच से हट गई। मौजूदा चैंपियन स्वियातेक ने सिनसिनाटी में अपने पिछले चार मुकाबलों में से प्रत्येक में कम से कम सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है।
सेमीफाइनल में उनका मुकाबला अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला से होगा। पेगुला ने अपनी हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा अनिसिमोवा को 6-4, 2-6, 7-6 (4) से हराकर इस सत्र की अपनी 44वीं जीत दर्ज की, जो टूर में सबसे अधिक जीत है। पुरुष वर्ग में फ्लेवियो कोबोली ने टामी पाल को 2-6, 6-3, 6-4 से हराया। कोबोली सेमीफाइनल में 22 वर्षीय आर्थर फिल्स का सामना करेंगे। फिल्स ने थियागो अगस्टिन तिरांते को 6-3, 6-2 से पराजित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button