सीएम योगी के फ्लीट के आगे चलने वाली गाड़ी हुई हादसे का शिकार, 5 पुलिसकर्मियों सहित 15 लोग घायल

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। लखनऊ के अर्जुनगंज क्षेत्र में शनिवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले के करीब एक किलोमीटर आगे चल रही जिला प्रशासन की पुलिस जीप के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 5 पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 15 लोग घायल हो गए। इस हादसे से मुख्यमंत्री के काफिले पर कोई असर नहीं पड़ा है। मुख्यमंत्री का काफिला अमौसी हवाई अड्डे से लौट रहा था और मुख्यमंत्री काफिले में अपने वाहन में मौजूद थे।
लखनऊ के पुलिस आयुक्त एस बी शिरोडकर ने बताया कि शनिवार शाम को मुख्यमंत्री के काफिले के एक किलोमीटर आगे जिला पुलिस की एक बोलेरो जीप (एन्टी डेमो) चल रही थी। इस जीप के पहले पुलिस का एक इन्टर सेप्टर वाहन चल रहा था अर्जुनगंज बाजार क्षेत्र में इंटरसेप्टर वाहन एक कुत्ते से टकरा गया और कुत्ता मर कर सड़क पर पड़ा था । पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एंटी डेमो जीप इस कुत्ते के ऊपर चढ़ने से अनिंयंत्रित होकर सड़क पर चल रही दो अन्य कारों से से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे से जीप में बैठे पांच पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गये जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




