गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उपराष्ट्रपति

गौतम बुद्ध नगर/उत्तर प्रदेश। जनपद गौतम बुद्ध नगर में स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा का आज रविवार को दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी उपस्थित रहे, जिनका उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री/कुलाधिपति गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय योगी आदित्यनाथ जी ने दीक्षांत समारोह में उपस्थित रहकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। आयोजित दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 8 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। वहीं 8 संकायों के विद्या वाचस्पति, स्नातकोत्तर और स्नातक के 7914 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। इसके अलावा म्यांमार, वियतनाम, लाओस, थाईलैंड और ताइवान के पांच विदेशी छात्रों को भी उपाधियां प्रदान की गईं।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुये कहा कि मेरे लिये वो एक सुखद दिन था, जब मुझसे कहा गया कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपसे बात करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में नाम हासिल किया है। योगी आदित्यनाथ आज पर्सन ऑफ एक्शन के प्रतीक बन चुके हैं। हम सब जानते हैं कि यूपी में पहले क्या हालात थे। कानून व्यवस्था और विकास की दृष्टि से ये प्रदेश सबकी चिंता का विषय था। मगर आज यूपी देश ही नहीं दुनिया में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर रोल मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक वकालत के पेशे में रहने के कारण उनका उद्योग जगत से गहरा नाता रहा है और उन्हें ये बात कहने में खुशी होती है कि यूपी आज प्रिमियम कैटेगरी के उद्योगों के लिए फेवरेट डेस्टिनेशन बन चुका है।
उप राष्ट्रपति जी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह में वो जो कहना चाहते थे उसे मुख्यमंत्री ने उनसे भी बेहतर ढंग से कहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का भाषण किसी राजनीतिक व्यक्ति का नहीं बल्कि एक धर्मवेत्ता, एक स्टेट्समैन, एक शिक्षाविद और दूरदृष्टा व्यक्ति का भाषण था। उप राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री के भाषणों को केवल भाषण नहीं बल्कि सीएम योगी के वर्तमान कार्यकलापों की झलक बताया। उन्होंने कहा कि एग्जाम्पल हमेशा स्टेटमेंट से बेहतर होता है। मुख्यमंत्री का भाषण वर्तमान में उनके शासनकाल में दिखता है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता(नंदी), लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, कुलपति प्रो0 रविन्द्र कुमार सिन्हा, डीन एकेडमिक प्रो0 एमपी मलकानिया, प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व पुलिस विभाग, जिला प्रशासन एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारीगण, विश्वविद्यालय के फैकल्टी मैंबर्स और उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button