सूरत में वंदे भारत पर पथराव, कोच की खिड़की टूटी; ट्रेन में सवार थीं यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन रेलवे की जिस वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर रही थीं। सूरत में मंगलवार को उसी ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई। इस ट्रेन में उनके अलावा दमन दीव और लक्ष्यदीप के प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे। रेलवे ने पथराव की घटना के बाद एक युवक को अरेस्ट किया है।

सूरत/गुजरात। मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार को सूरत के पास पथराव की घटना से हड़कंप मच गया। जिस कोच पर पत्थर फेंके गए, उसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी सवार थीं। पथराव के कारण कोच की खिड़की को नुकसान पहुंचा, हालांकि राज्यपाल और उनके साथ यात्रा कर रहे परिवार के सदस्यों को कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने राजकीय रेलवे पुलिस को जानकारी दी। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अभिनव सक्सेना ने बताया कि मुंबई से अहमदाबाद आ रही ट्रेन संख्या 22916 वंदे भारत एक्सप्रेस पर सूरत के उतरान रेलवे स्टेशन के पास पथराव किया गया। सूचना मिलते ही रेलवे की ओर से तत्काल जीआरपी को सूचित किया गया।
घटना के समय आनंदीबेन पटेल अपने परिवार के साथ अहमदाबाद जा रही थीं। उनके साथ उनकी बेटी अनार पटेल भी मौजूद थीं। पथराव के कारण कोच की खिड़की टूट गई, लेकिन राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पथराव के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
बताया गया कि आनंदीबेन पटेल कुछ दिनों की छुट्टी पर गुजरात पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव सहित अन्य क्षेत्रों का भी दौरा किया था। उनके साथ वहां के प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे थे।
राज्यपाल के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया खाते से भी उनकी वंदे भारत यात्रा की तस्वीरें साझा की गई थीं। इसमें बताया गया कि आनंदीबेन पटेल ने वापी से अहमदाबाद तक वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता अनंग देसाई सहित अन्य सहयात्रियों से मुलाकात की और फिल्म जगत समेत विभिन्न विषयों पर बातचीत की। इस दौरान उनकी बेटी अनार पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद थे।
आनंदीबेन पटेल लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के पद पर हैं। उन्होंने अपने राज्यपाल पद की शुरुआत मध्य प्रदेश से की थी। गुजरात की मुख्यमंत्री के रूप में भी वह राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। वंदे भारत पर पथराव की घटना में उनके सुरक्षित रहने के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मामले की जांच जारी है।





