लखनऊ केजीएमयू में इलाज कराने आई लड़की से चाय वाले ने दोस्तों के साथ कार में किया गैंगरेप

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ में चलती कार में तीन युवकों ने एक छात्रा से गैंगरेप किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक एंबुलेंस चालक और दो चाय का ठेला लगाते हैं। वहीं छात्रा का इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मानसिक विभाग में चल रहा है। इस दौरान सत्यम नाम का युवक बहला-फुसालकर साथ ले जाने को तैयार किया। फिर दोस्तों के साथ घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 5 दिसंबर देर रात की है, लेकिन पीड़िता ने इसकी शिकायत 10 दिसंबर को की।
डीसीपी पश्चिम राहुल राज के मुताबिक, पीड़िता का केजीएमयू में मानिसक रोग का इलाज चल रहा है। इसके चलते अक्सर आने-जाने के चलते चाय दुकानदार सत्यम से जान पहचान हो गई थी। 5 दिसंबर को डॉक्टर को दिखाने के बाद सत्यम की दुकान पर गई। पीड़िता का फोन डिस्चार्ज हो गया था। डीसीपी के मुताबिक, सत्यम ने उसे बताया कि परिचित की एंबुलेंस में मोबाइल चार्ज हो जाएगा।
पुलिस से की गई शिकायत में पीड़िता ने कहा कि इसके कुछ देर बाद सत्यम से फोन लाने को कहा। इस पर उसने बताया कि एंबुलेंस डालीगंज चली गई है और वहां जाकर मोबाइल लाने को बात कही। इसके बाद वहां पहुंचने पर पता चला कि एंबुलेंस आईटी चौराहे के पास है। इस पर पीड़िता सत्यम के साथ आईटी चौराहा पहुंच गई। वहां पर कोई एंबुलेंस नहीं थी, लेकिन चाय की दुकान पर बैठा युवक मिला, उसके साथ दो लड़के और भी थे। वहां उन लोगों ने पीड़िता को वेगेनार गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद सफेदाबाद के पास स्थित एक ढाबा में जबरदस्ती नशीला पदार्थ पिला दिया। फिर वहां से गाड़ी में बैठाकर हाईवे पर आ गए और गाड़ी में ही तीनों ने गैंगरेप किया। वारदात अंजाम देने के बाद मुंशीपुलिया इंदिरा नगर में छोड़कर चले भाग गए। पुलिस ने विभूतिखंड निवासी पीड़िता की शिकायत पर मडियांव ताड़ीखाना के सत्यम मिश्रा, बाजारखाला शाही खरादखाना के मो. सुहेल और टुडियागंज के मो. असलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम मिश्रा की केजीएमयू के पास चाय की दुकान पर है। पीड़िता मानिसक रोग का इलाज के चलते वहां अक्सर आती-जाती थी। सत्यम ने इसका फायदा उठाकर उसको बहाने से अगवाकर घटना को अंजाम दिया।




