ग्रेटर नोएडा में 25 हजार वोल्‍ट की चालू लाइन पर ट्रांसफार्मर से किया तांबा चोरी

ग्रेटर नोएडा। गाजियाबाद सेक्शन के मध्य रेलवे की लाइन साइड केबिन ऑफिस के पास में 25000 वोल्ट लाइन के चालू रहते एक शख्‍स ने ट्रांसफार्मर को गिरा दिया। इसके बाद उसमें से तांबा चुरा लिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही आरोपी को चोरी के सामान के साथ करीब 4 घंटे में दबोच लिया। आरोपी इस प्रकार के वारदात को पहले भी कई बार कर चुका है। वह जेल से आने के बाद घटना को अंजाम दे रहा था।
आरपीएफ दादरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया कि शनिवार तड़के दादरी-गाजियाबाद सेक्शन के मध्य लाइन केबिन आफिस है। इसके पास ही रेलवे की एचटी लाइन पर ट्रांसफार्मर लगा है। जिससे केबिन ऑफिस की सप्लाई जाती है। अचानक लाइन बंद होने पर विभाग में अलार्म बजा। उसकी सूचना आरपीएफ को दी गई।
पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर वारदात के बाद करीब 4 घंटे बाद गाजियाबाद निवासी मुस्तकीम मंसूरी को दबोच लिया। आरोपी ट्रांसफार्मर के अंदर के कॉपर को चोरी करके ले जाने की तैयारी में था। आरोपी ने बिजली की चलती लाइन से ट्रांसफार्मर को रस्सी से बांध कर उसमें लगे बोल्टों को खोलकर जमीन पर गिरा दिया और उसके अंदर के कॉपर को चोरी कर लिया।
इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने आगे बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। करीब 2013 से वह इस प्रकार की चोरी करता है। कई बार जेल जा चुका है। यहां के अलावा मुरादाबाद में इस प्रकार की चोरी कर चुका है। हाल ही में जेल से छूट कर आया है। इस ट्रांसफार्मर की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के साथ अन्य आरोपियों के होने की भी आशंका है। उनका भी पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button