वर्ल्ड कप में भारत की हार बर्दाश्त नहीं कर पाया 8 साल का जैन, तीन घंटे तक रोता रहा, पहुंचा अस्पताल

गुरुग्राम। रविवार को क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में भारत के ऑस्ट्रेलिया से हारने का गम टीम के करोड़ों प्रशंसकों को हुआ, लेकिन गुरुग्राम में एक बच्चा मैच खत्म होने के बाद बुरी तरह रोने लगा। वह तीन घंटे तक रोता रहा और सांस लेने में तकलीफ की वजह से उसे अस्पताल में एडमिट करवाना पड़ा। गुरुवार को उसे डिस्चार्ज किया गया। बच्चे का इलाज करने वाले डॉक्टर का कहना है कि स्ट्रेस की वजह से उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
हार के बाद बुरी तरह रोने लगा
सूर्य विहार में रहने वाले वसीम अहमद ने बताया कि उनके आठ साल के बेटे जैन खान ने विश्वकप क्रिकेट के सभी मैच देखे और मैच के दौरान वह पानी पीने के लिए भी नहीं उठता था। भारतीय टीम की लगातार जीत से उत्साहित जैन ने फाइनल के बाद सेलिब्रेशन की तैयारी कर रखी थी। जैन तीसरी में है और विराट कोहली का फैन है। फाइनल में भारतीय टीम जब पिछड़ने लगी तो वह निराश होने लगा और अंत में बुरी तरह रोने लगा। घर के लोगों ने उसे बहलाने का प्रयास किया लेकिन जब उसे सांस लेने में दिक्कत हुई तो उसे अस्पताल ले गए।
डॉक्टर ने बताई वजह
जैन का इलाज करने वाले डॉ. अजय अरोड़ा ने बताया कि स्ट्रेस के कारण बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो गई थी। पेरेंट्स को कहा गया है कि बच्चे से बात करते रहें और उसे खुश रखें। फोर्टिस अस्पताल के चाइल्ड न्यूरॉलजिस्ट डॉ आरके जैन ने बताया कि कुछ बच्चे संवेदनशील होते हैं। वे किसी बात को दिल से लगा लेते हैं तो उसके बारे में काफी सोचते या रोते रहते हैं। इससे उन्हें पैनिक अटैक और एंग्जाइटी डिसऑर्डर हो जाता है। ऐसे में शरीर में आयोनाइज्ड कंपोनेंट कम हो जाता है, जिससे बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है या फिर बच्चा बेहोश हो जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button