चीता प्रोजेक्ट को लगा एक और झटका, कूनो में एक और चीते की मौत

मध्य प्रदेश डेस्क। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए सातवें चीते की मौत के कुछ दिनों बाद, नामीबिया से लाए गए चीता सूरज की शुक्रवार को मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मौत हो गई। वह पिछले पांच महीनों में मरने वाला आठवां चीता है। कहीं ना कहीं भारत में चीता प्रोजेक्ट के लिए यह बड़ा झटका है। सूरज की मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। सूरज की मौत के बाद कूनो नेशनल पार्क में दस चीते बचे हैं। इससे पहले मंगलवार को कथित तौर पर चोट लगने के बाद चीता तेजस की मौत हो गई थी।
27 मार्च हुई थी पहली मौत
पहली चीता की मौत की सूचना 27 मार्च को दी गई थी – मादा चीता साशा की किडनी की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। अप्रैल में, दक्षिण अफ़्रीका के नर चीतों में से एक, उदय की हृदय संबंधी समस्याओं से मृत्यु हो गई। इससे पहले मई में, दक्षिण अफ्रीका की एक मादा चीता, दक्षा, दो नर के साथ लड़ाई के बाद मारी गई थी। मार्च में सियाया (ज्वाला) के चार शावक पैदा हुए। हालांकि, कुछ महीने बाद मई में कूनो में चीता सियाया के दो महीने के शावक की मौत हो गई. प्रथम दृष्टया शावक की मौत कमजोरी से हुई है। पहले शावक की मौत के कुछ दिन बाद उसी महीने सियाया के दो और चीता शावकों की मौत हो गई।
कूनो में छोड़े गए थे चीते
पिछले साल 17 सितंबर को नामीबिया से आठ चीते भारत लाए गए और कूनो में छोड़े गए। फरवरी में, दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते लाए गए, जिनमें से छह जंगल में हैं और बाकी कूनो के विभिन्न बाड़ों में हैं। नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए तथा केएनपी में हुए चार शावकों समेत कुल 24 चीतों में से राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की संख्या अब घटकर 16 रह गयी है। धरती पर सबसे तेज दौड़ने वाले इस वन्यजीव को 1952 में भारत में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। इससे पहले दिन में एक वन अधिकारी ने बताया था कि दो और चीतों प्रभाष और पावक को सोमवार को केएनपी के जंगल में छोड़ दिया गया जिससे जंगल में छोड़े गए चीतों की संख्या 12 हो गई है।




