मिर्ज़ापुर में पत्नी को पड़ोसी युवक से हो गया प्यार, साथ रहने को राजी नहीं हुई तो पति ने करा दी शादी

मिर्जापुर,(उत्तर प्रदेश)। कहते हैं जब इश्क होता है तो इंसान सबकुछ भूल जाता है। इश्क़ में डूबी प्रेमिका अपने प्रेमी के प्यार में सात समुंदर पार भी साथ चलने को तैयार हो जाती है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में ऐसा ही कुछ मामला सामने आया है। शादी होने के बाद जब पत्नी को पड़ोस के युवक से प्यार हो गया तो पति और घर वालों ने उनकी शादी करा दी। दोनों के बीच बढ़ रहा प्यार और नजदीकियां जब कम नहीं हुईं तो पति ने अपना दिल बड़ा करते हुए दोनों का विवाह करा दिया। हालांकि पुलिस ने इस तरह की घटना से इंकार किया है।
शादी के कुछ महीनों बाद पत्नी पर चढ़ा प्यार का खुमार
मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के एक युवती की शादी संतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद पति अपने पत्नी के हर एक ख्वाब को पूरा करने के लिये मेहनत करता रहा, लेकिन इसी बीच पत्नी के ख्वाबों में नया शहजादा आ गया। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चलने के बाद पत्नी पड़ोस में रहने वाले युवक से चोरी-छिपे बात करने लगी। बातचीत कुछ ही दिनों में प्यार में बदल गई। इसी बीच दोनों के प्यार की जानकारी लड़की के पति को हो गई।
पति के पैरों तले खिसकी जमीन, बैठ गई पंचायत
पति ने जानकारी मिलने के बाद जब पत्नी से बातचीत की तो पत्नी ने प्रेमी के साथ रहने की बात कही। पत्नी की बात सुनकर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी की बात सुनकर पति ने पंचायत बुलाई। पंचायत में बस्ती के पंचों के समझाने के बाद भी पत्नी अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं हुई और प्रेमी के साथ ही जीने-मरने की बात कहने लगी।
प्रेमी के साथ हुआ मंदिर में विवाह
प्रेमी के साथ प्रेमिका के रहने की जिद पर पंचायत ने विवाह कराने का फैसला किया। फैसला कराने के बाद दोनों ने पास में स्थित मंदिर में जाकर विवाह कर लिया और प्रेमी के साथ अपने घर चली गई। दोनों की शादी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस संबंध में संतनगर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button