बंथला नहर के पास अर्धनग्न व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित बंथला नहर के पास अर्धनग्न व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना के बाद पुलिस की टीम, फारेंसिक व डाग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। मृतक के पास मिले आइडी कार्ड की मदद से मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है।
राहगीरों ने सुबह करीब सात बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर बंथला नहर किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली। उसके कब्जे से आइडी, मोबाइल, सोने की अंगूठी व अन्य सामान मिला। पहचान पत्र से मृतक की शिनाख्त कुरेशियान मोहल्ले के रहने वाले महबूब कुरेशी के रूप में हुई।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतक के स्वजनों ने बताया कि वह लोनी तिराहा स्थित हनुमान मंदिर लोनी के पास फल बेचते थे। रविवार शाम करीब छह बजे घर से कुछ देर में आने को कहकर निकले थे। टीला माेड़ थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फारेंसिक व डाग स्क्वाड की टीम मौके का मुआयना कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई गहरा घाव दिखाई नहीं दिया है। वहीं सोने की अंगूठी व अन्य सामान उसके कब्जे से बरामद हुआ है। जिसके चलते प्रतीत होता है कि हत्या लूट के इरादे से हत्या नहीं की गई है। अर्धनग्न स्थिति में मिलने से घटना की सूई अवैध संबंधों की ओर घूमती दिखाई दे रही है। पुलिस ने जल्द मौत के कारणों से पर्दाफाश करने की बात कही है।




