बिना सोचे-समझे शुरू कर दिया नशे का सौदा, तीन करोड़ के माल के साथ पकड़ा गया एनोजी

नई दिल्ली। दिल्ली की निहाल विहार थाना पुलिस ने कोकीन तस्करी करने वाले नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 902 ग्राम कोकीन बरामद की है। बरामद कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान एनोजी के रूप में हुई है। वह मूलत: अफ्रीकी देश नाइजीरिया का नागरिक है और चंद्र विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। निहाल विहार थाना में तैनात हवलदार देवेंद्र को सूचना मिली कि एक नाइजीरियाई नागरिक इलाके में मादक पदार्थ की खेप लेकर आ रहा है। पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक काला बैग मिला। जिसमें कोकीन थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साल 2020 में भारत आया। उसके पास देश में आय का कोई साधन नहीं था। इस दौरान वह चंदर विहार में रहने लगा और अफ्रीकी लोगों के लिए हेयर कटिंग सैलून खोला। करीब चार महीने पहले उसकी मुलाकात जॉन से हुई। जॉन कोकीन की तस्करी करता है। उसकी जीवन शैली से प्रभावित होकर उसने भी तस्करी शुरू कर दी। करीब 15 दिन पहले जॉन ने उसे किसी व्यक्ति को 900 ग्राम कोकीन देने के लिए कहा था। बदले में उसे बराबर का हिस्सा देने की बात कही थी। पुलिस जॉन की तलाश कर रही है।




