ग्रेटर नोएडा में पीएम मोदी करेंगे वर्ल्ड डेरी समिट का उद्घाटन, सीएम योगी ने की तैयारियों की समीक्षा

नोएडा। वर्ल्ड डेरी समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ वार्ता कर एक-एक तैयारियों को मौके पर पहुंचकर परखा। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय से पूरी करें और भारतीय व विदेशी अतिथियों को देखते हुए सुरक्षा चाक चौबंद रखें। गौतमबुद्ध नगर में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पहले योगी आदित्यनाथ हर बार दौरा कर तैयारियों को स्वयं परखते हैं।

jagran

यह सिलसिला पिछले कई वर्षों से चल रहा है। उसी कड़ी में वर्ल्ड डेरी समिट में प्रधानमंत्री के आने से पहले योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इंडिया एक्सपो मार्ट में मुख्यमंत्री का काफिला शाम को लगभग साढ़े चार बजे पहुंचा। राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर सहित अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वर्ल्ड डेरी समिट में प्रदर्शनी लगाने के लिए एक्सपो मार्ट में कई हाल तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ हाल में पहुंचकर निरीक्षण किया। एक्सपो मार्ट के दूसरे फ्लोर पर बनाए हॉल में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम का उदघाटन करेंगे। मुख्यमंत्री लिफ्ट से हॉल में पहुंचे और निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री के मंच व लोगों के बैठने की व्यवस्था देखी। मुख्य हॉल के बगल में बनाए गए अन्य हॉल में विशेषज्ञों के द्वारा कांफ्रेस का आयोजन किया जाएगा। साथ ही एक हॉल में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी हाल में देश के प्रमुख डेरी उद्योगों को जगह दी गई है। हॉल में पहुंचकर प्रधानमंत्री डेरी उद्यमियों से वार्ता भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने हॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा की।

सीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक

इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ निरीक्षण में शामिल होने के लिए पहुंच गए। निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रशासन व प्राधिकरण अधिकारियों के साथ कार्यक्रम आयोजन पर वार्ता की। तैयारियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। अधिकारियों के साथ चल रही बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी व लोकसभा सदस्य डा. महेश शर्मा भी पहुंचे। बैठक समाप्त कर मुख्यमंत्री बाहर निकले और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button