तिहाड़ जेल में रंगों का उत्सव: कैदियों संग होली मिलन समारोह का हुआ आयोजन
डीजी देवेश चंद्र श्रीवास्तव और सांसद मनोज तिवारी रहे मुख्य अतिथि

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली तिहाड़ प्रशासन और अधिकार मंच के सौजन्य से आज तिहाड़ जेल नंबर 3 में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तिहाड़ जेल के महानिदेशक देवेश चंद्र श्रीवास्तव तथा भाजपा के पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तिहाड़ जेल में होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि कैदियों के पुनर्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। यहाँ कैदी स्वयं हर्बल गुलाल तैयार करते हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ उन्हें रचनात्मक कार्यों में संलग्न होने का अवसर भी देता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कैदियों को सुधार की राह पर लाना और जेल परिसर में एक सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। रचनात्मक गतिविधियों से कैदियों को नई ऊर्जा मिलती है और उनका मनोबल बढ़ता है। तिहाड़ प्रशासन का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम कैदियों के जीवन में सुधार लाने और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में सहायक होते हैं।
तिहाड़ जेल प्रशासन समय-समय पर त्यौहारों के अवसर पर इस तरह की गतिविधियों का आयोजन करता है। इससे कैदियों को न केवल सांस्कृतिक जुड़ाव मिलता है बल्कि उनके मानसिक और सामाजिक सुधार की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाते हैं। तिहाड़ जेल का यह होली मिलन समारोह केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी है।




