पूर्व प्रधान को सांप से खेलना पड़ गया भारी, पकड़ ढीली पड़ते ही डस लिया और चली गई जान

  • शाहजहांपुर में पूर्व प्रधान देवेंद्र मिश्रा को सांप ने डसा, चली गई जान
  • पूर्व प्रधान ने डॉक्‍टरों से नहीं करवाया इलाज, जड़ी बूटी लगाते रहे
  • देवेंद्र ने सांप को बर्तन से ढक दिया था, सांप की भी मौत हो गई

शाहजंहापुर,(उत्तर प्रदेश)। कई बार लोग जाने-अनजाने में ऐसे कारनामे करते हैं जो उनकी मौत का कारण बन जाता है। यूपी के शाहजहांपुर में रहने वाले पूर्व प्रधान देवेंद्र मिश्रा को ही देख लीजिए। मरुआझाला गांव के देवेंद्र को सांप पकड़ने का बड़ा शौक था। गांव में किसी के घर सांप निकलता, देवेंद्र मिश्रा पकड़ने पहुंच जाते। 18 अगस्‍त को भी एक व्‍यक्ति के घर सांप निकला तो वह पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे तक वह सांप से खेलते रहे और वहां मौजूद लोग उनका वीडियो बनाते रहे। इसी बीच सांप ने उनको डस लिया। दो दिनों तक वह सिर्फ देसी जड़ी बूटी से इलाज करते रहे और डॉक्‍टर के पास नहीं गए। शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।

मरुआझाला गांव के पूर्व प्रधान 45 वर्षीय देवेंद्र मिश्रा सांप पकड़ने में माहिर थे। गांव में किसी के भी यहां सांप निकलता, मिश्रा पहुंचते और उसे पकड़कर जंगल में छोड़ आते थे। गत गुरुवार को गांव के रविंद्र के घर सांप निकला था। जानकारी मिलने पर देवेंद्र पहुंच गए। सांप को उन्‍होंने आसानी से पकड़ लिया और इधर उधर उसे लेकर टहलते रहे।

इसी बीच पकड़ ढीली होते ही सांप ने देवेंद्र के हाथ में काट लिया। देवेंद्र ने अब सांप को पकड़कर एक बर्तन से ढक दिया। बर्तन के नीचे सांप की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सांप के काटने के बावजूद देवेंद्र डॉक्‍टर के पास नहीं गए और घर पर ही जड़ी बूटी से इलाज करते रहे। सांप के जहर से शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button