पीएम मोदी के 74वें बर्थडे पर काशी विश्वनाथ पहुंचे सीएम योगी, 74 किलो के लड्डू का बांटा प्रसाद
CM Yogi reached Kashi Vishwanath on PM Modi's 74th birthday, distributed 74 kg laddu as prasad

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह सबसे पहले काशी कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर पहुंच कर दर्शन पूजन किया। फिर काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा और हवन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में 74 किलो के लड्डू का प्रसाद वितरित किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से जुड़े आयोजनों में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सोमवार को ही पहुंच गए थे।वाराणसी में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच मुख्यमंत्री ने अपने तय कार्यक्रम को जारी रखते हुए पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के चौखट पर पहुंच कर मत्था टेका और बाबा की श्रद्धापूर्वक आरती की। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और धाम में स्थित ज्ञानवापी कूप के पास स्थित निकुंभ विनायक की आरती उतार कर विधि विधान से पूजन किया। विश्वनाथ धाम में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवन पूजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की।
इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 74वें जन्मदिवस पर बधाई दी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें।’ पूर्व मुख्यमंत्री बसपा प्रमुख मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई व उनके दीर्घायु जीवन की शुभकामनायें।’




