जम्मू में भाजपा की जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गांधी परिवार पर साधा निशाना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू में गांधी परिवार और कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, लेकिन सत्ता का रिमोट सोनिया गांधी के पास था।

जम्मू,एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में संवैधानिक पदों की गरिमा के बावजूद सत्ता का वास्तविक संचालन पर्दे के पीछे से होता था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का उदाहरण देते हुए दावा किया कि उस समय सरकार का रिमोट कंट्रोल राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और सोनिया गांधी के हाथों में था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसी परिवार, राजनीतिक दरबार या व्यक्ति विशेष के इशारे पर नहीं चलती, बल्कि जनता के जनादेश और संवैधानिक व्यवस्था के आधार पर काम करती है।
शनिवार को जम्मू में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ महापदयात्रा के बाद परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता को राजनीतिक विरासत की तरह चलाया। इंदिरा गांधी के कार्यकाल की किचन कैबिनेट से लेकर राजीव गांधी के दौर और यूपीए सरकार की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद तक सत्ता के समानांतर केंद्र बनाए जाने का आरोप लगाया।
राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू की पुस्तक का हवाला देते हुए दावा किया कि तत्कालीन सरकार में कैबिनेट की महत्वपूर्ण फाइलें सोनिया गांधी की मंजूरी के लिए भेजी जाती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे तो महत्वपूर्ण सरकारी फैसलों में पर्दे के पीछे से प्रभाव कौन डाल रहा था। उनके अनुसार, यह स्थिति कांग्रेस की सत्ता व्यवस्था और लोकतांत्रिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रक्षा मंत्री ने वर्ष 2013 के अध्यादेश विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विदेश यात्रा पर थे, उसी दौरान राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से अपनी ही सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश की आलोचना करते हुए उसे गलत बताया था। राजनाथ सिंह ने दावा किया कि राहुल गांधी की आपत्ति के बाद प्रधानमंत्री को अपना फैसला बदलना पड़ा। उन्होंने इसे कांग्रेस में वास्तविक सत्ता केंद्र और संवैधानिक जिम्मेदारी के बीच टकराव का उदाहरण बताया।
राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा पर तंज कसते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं को उम्मीद थी कि वर्ष 2024 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन देश की जनता ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी को नेतृत्व सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी किसी राजनीतिक परिवार की विरासत के आधार पर प्रधानमंत्री नहीं बने हैं, बल्कि उन्हें देश की जनता ने अपने समर्थन से इस पद तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं कहते हैं कि जनता जब चाहेगी, वह अपना झोला उठाकर चले जाएंगे। लोकतंत्र में किसी व्यक्ति या परिवार का प्रधानमंत्री पद पर जन्मसिद्ध अधिकार नहीं हो सकता। देश का नेतृत्व किसे सौंपना है, इसका अंतिम फैसला जनता ही करती है।
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर सत्ता हासिल करने की जल्दबाजी में राजनीतिक अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था किसी परिवार या राजनीतिक दरबार की इच्छाओं से नहीं चलती। संविधान ही सत्ता संचालन और नेतृत्व का आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि देश को आर्थिक, सामरिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।
जनसभा में रक्षा मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और लखपति दीदी कार्यक्रम को आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं, किसानों और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।
सिंह ने आतंकवाद, नक्सलवाद और आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को नकारात्मकता से प्रेरित बताते हुए कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री पद किसी परिवार की निजी संपत्ति या राजनीतिक विरासत नहीं है, बल्कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही सत्ता और नेतृत्व का सबसे बड़ा आधार है।




