यूपीएससी और केबीसी में किस्मत आजमा चुका शख्स गिरफ्तार, मुंबई की ज्वेलरी शॉप से पांच लाख की सोने की चेन चोरी का आरोप

यूपीएससी और केबीसी में असफल रहे एक शख्स को मुंबई में 5 लाख की सोने की चेन चुराने के आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई,एजेंसी। यूपीएससी की तैयारी करने और मशहूर टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) में अपनी किस्मत आजमा चुके एक व्यक्ति को मुंबई पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुंबई के कांदिवली स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप से करीब पांच लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वह वारदात के बाद करीब एक साल से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय सतीश कुमार कृष्णप्रसाद केसरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, सतीश ने कम्प्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई की है और आईएएस अधिकारी बनने का सपना लेकर दिल्ली आया था। वह उत्तम नगर में रहकर यूपीएससी की तैयारी करता था। इस दौरान खर्च चलाने के लिए उसने पार्ट टाइम नौकरियां भी कीं, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने टीवी के लोकप्रिय गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी हिस्सा लिया, लेकिन वह फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से आगे नहीं बढ़ सका।

पुलिस जांच में सामने आया कि बाद में सतीश ने अपनी पत्नी के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया। इसके लिए उसने कर्ज लेकर चार से पांच गाड़ियां खरीदीं और उन्हें ओला तथा उबर जैसे कैब प्लेटफॉर्म पर लगाया। हालांकि, कारोबार में घाटा होने के कारण उसे बंद करना पड़ा और उस पर कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया। पुलिस का दावा है कि आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने के दबाव में उसने चोरी की योजना बनाई। इसके तहत वह अलग-अलग शहरों की बड़ी ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंचता और गहने देखने के बहाने मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो जाता था।

इसी योजना के तहत 15 नवंबर को वह मुंबई के कांदिवली पश्चिम स्थित पद्मावती ज्वेलर्स पहुंचा। वहां उसने ग्राहक बनकर 43.2 ग्राम वजन की सोने की चेन दिखाने को कहा। पुलिस के अनुसार, मौका मिलते ही वह चेन लेकर दुकान से फरार हो गया। चोरी की गई चेन की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर मुंबई के एक हॉस्टल में फर्जी पहचान पत्र जमा कराया और अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद वह वापस दिल्ली लौट गया। कांदिवली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी के एक सक्रिय मोबाइल नंबर का पता लगाया। इसके आधार पर मुंबई पुलिस की टीम ने दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कांदिवली की वारदात के साथ मुंबई के डिंडोशी इलाके में इसी तरह की एक अन्य चोरी में शामिल होने की बात भी बताई है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों तथा चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button