दिल्ली में चार स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 29 महिलाएं पाबंद; संचालकों और ग्राहकों समेत 15 लोग पकड़े गए

दिल्ली पुलिस ने नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग में चार स्पा सेंटरों पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया।

दिल्ली पुलिस ने स्पा सेंटरों से महिलाओं और 15 लोगों को पकड़ा।

नई दिल्ली। दिल्ली में मध्य जिला पुलिस ने देह व्यापार की गतिविधियों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग इलाके के चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 29 महिलाओं को पाबंद किया, जबकि स्पा संचालकों, मैनेजरों, कर्मचारियों और ग्राहकों समेत 15 लोगों को पकड़ा। इसके अलावा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने के मामले में पटेल नगर में दो अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को सूचना मिली थी कि मध्य जिले के कुछ स्पा सेंटरों में कथित रूप से देह व्यापार की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले नकली ग्राहक बनाकर अपने कर्मियों को संबंधित स्पा सेंटरों में भेजा। प्रारंभिक जांच के दौरान अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने के नाम पर रुपये मांगे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से चारों स्पा सेंटरों पर छापेमारी की।

पुलिस की पहली कार्रवाई नबी करीम थाना क्षेत्र के राम नगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून में हुई। यहां से छह महिलाओं को पाबंद किया गया, जबकि स्पा के मालिक और सह-मालिक समेत आठ लोगों को पकड़ा गया। इसके बाद पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित आर्गेनिक स्पा पर कार्रवाई की गई, जहां से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने यहां के मैनेजर को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया।

इसी अभियान के तहत करोल बाग के डब्ल्यूईए इलाके में स्थित मौर्य स्पा से 10 महिलाओं को पाबंद किया गया। वहीं, टैंक रोड स्थित हेरिटेज स्पा में भी छापेमारी कर 10 महिलाओं को पाबंद किया गया। इन दोनों स्थानों से मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और कुछ ग्राहकों को भी पुलिस ने पकड़ा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्पा सेंटरों में कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराने के मामलों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में पटेल नगर इलाके में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले में संबंधित लोगों की भूमिका और स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button