दिल्ली पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी कराने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
कंबोडिया से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट से जुड़े तार, दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा; पूरी रकम बैंक में कराई गई होल्ड।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। आईएफएसओ टीम और एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से पूरी संदिग्ध रकम को समय रहते होल्ड करा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर अपराध के दो मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के तार कंबोडिया से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट से जुड़े होने के साक्ष्य मिले हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 148/26 की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करा रहा है। गिरोह के कुछ सदस्यों के द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे होने और एचडीएफसी बैंक में एमआर ट्रेडर्स के नाम से संचालित खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को इधर-उधर भेजने में किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर आईएफएसओ की टीम ने संबंधित इलाके में छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा। इसके बाद स्पेशल सेल थाने में एफआईआर संख्या 230/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर साइबर अपराधियों के लिए बैंक खाते जुटाने और उन्हें उपलब्ध कराने का काम करते थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी से प्राप्त धनराशि जमा करने और उसे अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था। इस प्रक्रिया के जरिए साइबर अपराध से अर्जित रकम को कई खातों के माध्यम से आगे भेजकर उसकी वास्तविक पहचान छिपाने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की तो उनमें ‘एसएमएस टूल्स’ नाम का एक संदिग्ध एप्लिकेशन मिला। प्रारंभिक जांच में इसके जरिए मोबाइल पर आने वाले एसएमएस और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े ओटीपी को स्वचालित रूप से विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाने की व्यवस्था होने की आशंका सामने आई। पुलिस के अनुसार, इस तकनीक का इस्तेमाल दूर बैठे साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खातों को संचालित करने और वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देने में किया जा सकता था।
जांच के दौरान आरोपियों के टेलीग्राम इस्तेमाल करने के भी साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने ऐसे सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान की है, जिनके जरिए कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। जब्त मोबाइल फोन से मिले टेलीग्राम चैट, व्हाट्सऐप बातचीत, क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन से संबंधित विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच में गिरोह के संगठित तरीके से काम करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी कंबोडिया से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट के लिए स्थानीय स्तर पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले मददगार के रूप में काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश खान (31), इंतखाब (27), अल्ताफ हुसैन (45), मोहम्मद महफूजार रहमान (41) और इजहार आलम (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमआर ट्रेडर्स के बैंक खाते से संबंधित चेकबुक और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल फोन में मिले डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित म्यूल बैंक खाते का संबंध आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों से भी सामने आया है।
इस कार्रवाई को आईएफएसओ की विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम में इंस्पेक्टर सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी आईएफएसओ विवेकानंद झा की निगरानी तथा डीसीपी-प्रथम आईएफएसओ गौरव त्यागी के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने, ठगी की रकम के पूरे लेनदेन का पता लगाने, अतिरिक्त म्यूल बैंक खातों की जानकारी जुटाने और कंबोडिया में सक्रिय कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के संचालकों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों की व्यवस्था करने और आर्थिक अपराधियों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।




