अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ने पति माइकल के साथ देखा अक्षरधाम मंदिर
डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने पति माइकल बुलोस के साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया।

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बुलोस के साथ अक्षरधाम मंदिर पहुंचीं। भारत के निजी दौरे पर आए दंपति ने मंदिर परिसर देखा और यहां की भव्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक माहौल की सराहना की।
करीबी दोस्तों के साथ पहुंचे टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस ने मंदिर में काफी समय बिताया। इस दौरान टिफनी ट्रंप ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा, ‘यह यात्रा बेहद शानदार रही। यहां की खूबसूरती अद्भुत है। इस शानदार अनुभव के लिए धन्यवाद।’
मंदिर दर्शन के बाद टिफनी ट्रंप ने इंटरनेट मीडिया पर भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अक्षरधाम मंदिर की तारीफ करते हुए इसे ‘अविश्वसनीय’ बताया और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान जताया।
बता दें कि अक्षरधाम मंदिर दुनिया के प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं।




