गाजियाबाद में भूमाफिया के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, एक-एक इंच जमीन कराई जाएगी कब्जा मुक्त

महापौर सुनीता दयाल ने निगम की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अधिकारियों के साथ की बैठक

गाजियाबाद। नगर निगम की जमीन कब्जा मुक्त कराने के लिए मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने निगम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। शहर में नगर निगम की जहां-जहां जितनी जमीन है उसका गांव व खसरा नंबर सहित विस्तृत विवरण एसडीएम सदर अरुण दीक्षित को सौंपकर जमीन कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
महापौर सुनीता दयाल ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की एक-एक इंच जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। जहां जमीनों पर कब्जे हैं उन्हें ध्वस्त कराते हुए जमीन कब्जा मुक्त कराने के साथ भूमाफिया के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त सहित सभी अधिकारी निगम की संपत्ति कब्जा मुक्त कराने का कार्य कर रहे हैं। इस अभियान को और तेज रफ्तार देने के लिए निगम की समस्त संपत्ति का विवरण एसडीएम सदर को सौंपा गया है।
जल्द ही ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर निगम की तीन बड़ी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। बैठक में एसडीएम सदर के अलावा संपत्ति अधिकारी पल्लवी सिंह, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व पटवारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button