भारत में सेब की बढ़ती मांग से आयात में 19 प्रतिशत उछाल का अनुमान, 5.11 लाख टन तक पहुंचेगा आंकड़ा

भारत में सेब का आयात वित्त वर्ष 2026-27 तक 19% बढ़कर 5.11 लाख टन होने का अनुमान है, जो बढ़ती मांग और प्रीमियम किस्मों की खपत के कारण है।

भारत में सेब का आयात बढ़ने का अनुमान

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत में सेब की लगातार बढ़ती मांग के चलते वित्त वर्ष 2026-27 में इसका आयात 19 प्रतिशत बढ़कर 5.11 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) की विदेशी कृषि सेवा (एफएएस) के नई दिल्ली स्थित कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू उत्पादन में मामूली वृद्धि के बावजूद प्रीमियम किस्मों के सेब और उनसे तैयार खाद्य उत्पादों की बढ़ती खपत आयात को गति देगी। पिछले मार्केटिंग वर्ष 2025-26 में सेब का आयात 4.28 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सेब की कुल खपत 2026-27 में पांच प्रतिशत बढ़कर 29.1 लाख टन होने की संभावना है, जबकि 2025-26 में यह 27.6 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान है। बढ़ती आमदनी, प्रीमियम फलों के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान और बाजार में सेब की विभिन्न किस्मों की उपलब्धता से मांग में इजाफा होने की उम्मीद है। इसके अलावा, स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और जूस, जैम, सॉस तथा सूखे सेब जैसे प्रसंस्कृत उत्पादों की खपत भी इस वृद्धि में योगदान दे रही है।

यूएसडीए ने 2025-26 के लिए भारत के सेब आयात का अनुमान घटाकर 4.28 लाख टन कर दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके पीछे अनुमान से कम आयात खेपों का पहुंचना प्रमुख कारण रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति में उतार-चढ़ाव, रुपये की विनिमय दर में अस्थिरता, माल ढुलाई की ऊंची लागत और नए व्यापार समझौतों के बाद बदलते कारोबारी माहौल ने आयातकों को सतर्क कर दिया। घरेलू बाजार में नई फसल की उपलब्धता को देखते हुए भी कारोबारियों ने अपने भंडार और आयात की मात्रा नियंत्रित रखी।

घरेलू स्तर पर सेब उत्पादन में भी सीमित सुधार का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026-27 में भारत का सेब उत्पादन तीन प्रतिशत बढ़कर 25.9 लाख टन हो सकता है, जबकि 2025-26 में यह 25 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान है। पिछले सीजन के उत्पादन अनुमान में चार प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसकी प्रमुख वजह हिमाचल प्रदेश में प्रतिकूल मौसम के कारण पैदावार प्रभावित होना रही।

हिमाचल प्रदेश देश का दूसरा सबसे बड़ा सेब उत्पादक राज्य है। रिपोर्ट के मुताबिक, बेमौसम बारिश, सर्दियों में बर्फबारी में देरी और कटाई के दौरान मानसूनी बारिश ने वहां फलों के विकास और उत्पादन पर असर डाला। इसके विपरीत, देश के सबसे बड़े सेब उत्पादक क्षेत्र जम्मू-कश्मीर में मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहा, जिससे बेहतर गुणवत्ता वाली फसल मिलने की जानकारी दी गई है।

भारतीय सेब उत्पादकों के सामने मौसम के अलावा भी कई चुनौतियां हैं। कटाई का समय मानसून के साथ पड़ने से बारिश के कारण फसल को नुकसान पहुंचता है। वहीं खेती की बढ़ती लागत, कीमतों में उतार-चढ़ाव, कमजोर बुनियादी ढांचा, आयातित सेब से प्रतिस्पर्धा और परिवहन की दिक्कतें किसानों की परेशानी बढ़ा रही हैं। सेब उत्पादन वाले अधिकांश क्षेत्र पहाड़ी और दूरदराज इलाकों में स्थित हैं। ऐसे में छोटे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने के लिए अधिक खर्च करना पड़ता है। सेब जल्दी खराब होने वाला फल है, इसलिए पर्याप्त शीत भंडारण, बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक परिवहन सुविधाओं की कमी से कटाई के बाद नुकसान की आशंका बढ़ जाती है।

रिपोर्ट में दिए गए आयात आंकड़ों के अनुसार, ईरान भारत को सेब की सबसे अधिक आपूर्ति करने वाला देश रहा। वहां से 69,988 टन सेब का आयात हुआ। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका से 54,319 टन, न्यूजीलैंड से 53,622 टन, चिली से 46,991 टन और अमेरिका से 30,142 टन सेब भारत पहुंचा। अफगानिस्तान से 28,013 टन और तुर्किये से 14,370 टन सेब का आयात किया गया।

आयात बाजार में अलग-अलग देशों की अपनी भूमिका है। ईरान और तुर्किये से अपेक्षाकृत प्रतिस्पर्धी कीमतों पर बड़ी मात्रा में सेब उपलब्ध होता है, जबकि अमेरिका और न्यूजीलैंड प्रीमियम श्रेणी के सेब के प्रमुख आपूर्तिकर्ता हैं। गुणवत्ता और किस्मों की विविधता के कारण इन देशों के सेब की मांग खास तौर पर प्रीमियम बाजार में बनी रहती है।

आने वाले मार्केटिंग वर्ष में बढ़ती खपत और घरेलू उत्पादन में सीमित वृद्धि के बीच आयात की भूमिका अहम रहने की संभावना है। इससे उपभोक्ताओं को अलग-अलग देशों और किस्मों के सेब के अधिक विकल्प मिल सकते हैं। हालांकि, आयात बढ़ने से कीमतों में कमी आना तय नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति, माल ढुलाई की लागत, रुपये की विनिमय दर और मौसम संबंधी परिस्थितियां भारतीय बाजार में सेब की कीमतों को प्रभावित करती रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button