छठ महापर्व को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सतर्क, ईस्टर्न रेंज डीसीपी श्वेता सिंह ने गीता कॉलोनी स्थित यमुना घाट पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की

छठ महापर्व को देखते हुए डीसीपी श्वेता सिंह चौहान ने गीता कॉलोनी यमुना घाट पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। 15 और 16 नवंबर को कई मार्गों पर डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

गीता कॉलोनी स्थित यमुना घाट का निरीक्षण करतीं डीसीपी श्वेता सिंह चौहान (ट्रैफिक, ईस्टर्न रेंज)

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

पूर्वी दिल्ली। लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। यमुना घाटों सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और पूजा के बाद सुरक्षित घर लौटने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण, डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। इसी सिलसिले में डीसीपी श्वेता सिंह चौहान (ट्रैफिक, ईस्टर्न रेंज) ने गीता कॉलोनी स्थित यमुना घाट पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी श्वेता सिंह चौहान ने बताया कि 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में विशेष एडवाइजरी जारी की है, जिसमें प्रभावित सड़कों, यातायात में किए जाने वाले बदलावों और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाजाही भी सुचारु बनाए रखना है।

गीता कॉलोनी यमुना घाट पर निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने घाट की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों, बैरिकेडिंग की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय विशेष सतर्कता बरती जाए, क्योंकि इन दोनों अवसरों पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है। भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात प्रबंधन में समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

डीसीपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों के आसपास अनावश्यक वाहनों की आवाजाही रोकने, निर्धारित स्थानों पर पार्किंग सुनिश्चित करने और प्रमुख चौराहों पर यातायात को नियंत्रित रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पूजा स्थलों पर जाने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी जरूर देख लें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। इससे सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

गौरतलब है कि छठ महापर्व के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों के लिए विशेष यातायात परामर्श जारी किया है। पुलिस ने यात्रियों को पुस्ता रोड पर शास्त्री पार्क से खजूरी खास के बीच तथा शांति वन से निगमबोध घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर संभावित यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि पर्व के दौरान यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button