दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अलीपुर थाने में की जनसुनवाई, लोगों की समस्याओं पर दिए कार्रवाई के निर्देश

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अलीपुर थाने में दीपावली मिलन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने पुलिस और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाने का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दीपावली मिलन समारोह के साथ जनसुनवाई आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

इस मौके पर उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह और बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। पुलिस आयुक्त ने सभी की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। विशेष रूप से यातायात व्यवस्था और स्थानीय नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर लोगों ने अपने सुझाव रखे। अधिकारियों को इन पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनके निस्तारण के प्रयास किए गए, जबकि अन्य शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसके बाद अलीपुर थाने में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त ने स्थानीय लोगों के साथ दीपावली की शुभकामनाएं साझा कीं। साथ ही थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना तथा पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना रहा। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली पुलिस उनकी सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button