फतेहपुर में लव जिहाद और धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला,15 साल बाद तीन बच्चों संग महिला की सनातन धर्म में हुई वापसी
फतेहपुर में लव जिहाद और धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है।आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने हिंदू महिला का ब्रेनवाश कर उसे प्रेम जाल में फंसाया, धर्म परिवर्तन कराकर मुंबई ले जाकर निकाह कर लिया।

फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में धर्म परिवर्तन और पारिवारिक उत्पीड़न से जुड़ा मामला सामने आया है। जहानाबाद थाना क्षेत्र की एक महिला ने कथित तौर पर 15 वर्ष पहले धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम युवक से निकाह किया था। अब महिला अपने तीन बच्चों के साथ फतेहपुर शहर स्थित गायत्री मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच उसने बच्चों सहित सनातन धर्म में वापसी की।
परिजनों और आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, महिला कोड़ा गांव की रहने वाली है। आरोप है कि करीब 15 वर्ष पहले नसीम नामक युवक ने उसे प्रेम संबंध में फंसाया और बाद में मुंबई ले गया। वहां कथित रूप से उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और निकाह के बाद उसका नाम सिमरन रखा गया। महिला के अनुसार, मुंबई में रहते हुए उसके दो बेटों और एक बेटी का जन्म हुआ।
महिला ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसे प्रताड़ित किया गया और पति ने दूसरी महिला से भी शादी कर ली। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का सिलसिला बढ़ गया। परेशान होकर महिला अपने तीनों बच्चों के साथ वापस गांव लौट आई।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और गायत्री परिवार से जुड़े लोगों की मौजूदगी में फतेहपुर शहर स्थित गायत्री मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच महिला और उसके तीनों बच्चों की सनातन धर्म में वापसी कराई गई। इस दौरान महिला का नाम सिमरन से बदलकर स्मिता कुशवाहा रखा गया।
बच्चों के नाम भी बदले गए। मुर्शीद अली का नाम यस, अरशद अली का नाम कार्तिक और कैटरीना का नाम अवनी रखा गया। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे महिला और उसके बच्चों की स्वेच्छा से की गई घर वापसी बताया। वहीं, महिला की ओर से लगाए गए धर्मांतरण, जबरन निकाह और उत्पीड़न के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




