ऑपरेशन मिलाप की तत्परता: जाफराबाद पुलिस ने तीन वर्षीय लापता बच्ची को मां से मिलाया
दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत गुम हुई तीन वर्षीय बच्ची को तलाश कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्ची खेलते समय घर से दूर चली गई थी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश और अनाउंसमेंट कर बच्ची को सकुशल खोज निकाला। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने राहत जताई।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
उत्तर पूर्वी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के उत्तर-पूर्वी जिले की जाफराबाद थाना पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब तीन वर्षीय लापता बच्ची को सकुशल तलाश कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे जाफराबाद थाना क्षेत्र की गली नंबर-13 से दो से तीन वर्ष की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली। बच्ची का परिवार मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है और अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। इसी दौरान गली में खेलते समय बच्ची परिवार से बिछड़ गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर किरणपाल की निगरानी में पुलिस टीम ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। आसपास की गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खोजबीन की गई। स्थानीय लोगों की मदद लेने के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं कराई गईं और आसपास की मस्जिदों के माध्यम से भी बच्ची के लापता होने की सूचना प्रसारित की गई।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद बच्ची को गली नंबर-10, मुख्य ब्रह्मपुरी रोड के पास सकुशल खोज लिया गया। आवश्यक सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसकी मां के हवाले कर दिया गया।
बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस का आभार जताया। जाफराबाद पुलिस की यह कार्रवाई लापता बच्चों की तलाश में त्वरित सूचना, स्थानीय सहयोग और सतर्कता के महत्व को रेखांकित करती है।




