गोलगप्पे के ठेलों पर खाद्य सुरक्षा टीम का धावा, 16 दुकानों की जांच में खुली स्वच्छता की पोल
रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लालपुर सहित कई इलाकों में अचानक छापेमारी कर स्ट्रीट फूड वेंडर्स और दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान कर्मचारियों के पास ग्लव्स, कैप और हैंडवॉश का इंतजाम न मिलने पर अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी और सुधार न होने पर पेनाल्टी लगाने की चेतावनी दी।

रांची,एजेंसी। शहर में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की विशेष टीम ने लालपुर और आसपास के इलाकों में गोलगप्पे समेत विभिन्न स्ट्रीट फूड ठेलों और खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने कुल 16 वेंडर्स और दुकानों की जांच की, जिसमें कई स्थानों पर स्वच्छता मानकों का पालन नहीं होने की बात सामने आई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई दुकानों और ठेलों पर खाद्य सामग्री तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों के हाथों में ग्लव्स नहीं थे और सिर पर कैप भी नहीं लगी थी। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से ढककर रखने तथा साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तन धोने के लिए साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने वेंडर्स को साफ तौलिया रखने, ग्लव्स और कैप का इस्तेमाल करने तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने फिलहाल संबंधित दुकानदारों को व्यवस्था में सुधार का मौका देते हुए चेतावनी दी है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अगली जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार आर्थिक दंड और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन ने कहा कि यह अभियान अभी शुरुआत है। अगली जांच में यदि स्वच्छता व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित वेंडर्स के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने वाले स्थानों पर स्वच्छ पानी, साफ तौलिया और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
जांच अभियान में डॉ. पवन के साथ मनोज कुमार, चंद्रशेखर सिंह, नम्रता महतो और मनीषा शामिल रहीं। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा स्ट्रीट फूड कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के प्रति जागरूक करना है।




