जंतर-मंतर मार्च से पहले दिल्ली में बढ़ेगी सुरक्षा, बुलाए गए 11 हजार से ज्यादा पैरा मिलिट्री जवान

दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रस्तावित जंतर-मंतर मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 115 कंपनियों यानी करीब 11,500 जवानों को दिल्ली भेजने के आदेश दिए हैं। इनमें सीआरपीएफ, आरएएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और सीआईएसएफ की कंपनियां शामिल हैं।

नई दिल्ली,एजेंसी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शनों और 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ताजा रिपोर्टों के अनुसार 8 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली में केंद्रीय बलों की कुल उपलब्धता करीब 221 कंपनियों यानी लगभग 23 हजार जवानों तक पहुंच सकती है।
इन बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स, सशस्त्र सीमा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की कंपनियां शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अतिरिक्त बलों को जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से दिल्ली लाया जा रहा है। इनमें कुछ कंपनियां जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा ड्यूटी और छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात थीं।
सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती 8 अक्टूबर से शुरू की जानी है और इन्हें 12 अक्टूबर तक दिल्ली में उपलब्ध रखा जाएगा। इन कंपनियों को भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार सुरक्षा बलों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विभिन्न विपक्षी दलों और संगठनों के प्रदर्शन हो रहे हैं। विपक्षी नेता चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छह और सात अक्टूबर को भी दिल्ली में विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन हुए, जिनमें राहुल गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मार्च का आह्वान किया है। पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, इसके बावजूद आयोजकों ने मार्च आयोजित करने की बात कही है।
बढ़ते राजनीतिक प्रदर्शनों को देखते हुए नई दिल्ली जिले में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ाई जा रही है। जंतर-मंतर तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था पहले से मजबूत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त बलों की तैनाती का उद्देश्य किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और राजधानी में सामान्य आवाजाही सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button