साहिल वाकोडे के माता-पिता सोमवार से आजाद मैदान में फिर करेंगे अनिश्चितकालीन अंनशन

साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के एक सप्ताह बाद आईआईटी-मुंबई के छात्रों ने शुक्रवार रात कैंडल मार्च निकाला और इस मामले की जांच कर रही समिति के पुनर्गठन की मांग की। वहीं साहिल वाकोडे के माता-पिता रविंद्र वाकोडे और सोनाली वाकोडे ने सोमवार से मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।

मुंबई,एजेंसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उनके माता-पिता रविंद्र वाकोडे और सोनाली वाकोडे ने सोमवार से मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने स्वतंत्र जांच की मांग उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें आईआईटी बॉम्बे परिसर में प्रवेश नहीं करने दे रही है।
रविंद्र वाकोडे ने कहा कि बेटे को न्याय मिलने तक परिवार अपनी लड़ाई जारी रखेगा। परिवार इससे पहले भी पुलिस की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल उठा चुका है। मामले की जांच अपराध शाखा द्वारा विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
उधर, आईआईटी बॉम्बे के छात्रों ने साहिल वाकोडे की मौत की जांच कर रही 10 सदस्यीय आंतरिक समिति के पुनर्गठन की मांग की है। शुक्रवार रात छात्रों ने मोमबत्ती मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। छात्रों का आरोप है कि समिति के कुछ सदस्यों ने मामले में आरोपी बताए जा रहे प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के प्रति समर्थन जताया है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि नई जांच समिति में आईआईटी बॉम्बे के मौजूदा कर्मचारियों या छात्रों को शामिल न किया जाए। उन्होंने भालचंद्र मुंगेकर, पी. साईनाथ, राम पुनियानी और सुखदेव थोराट में से कम से कम दो लोगों को समिति में शामिल करने का सुझाव दिया। छात्रों ने जांच पूरी होने तक प्रोफेसर डूला को सभी जिम्मेदारियों से हटाने और आईआईटी निदेशक शिरीष केदार के इस्तीफे की भी मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button