एमएस पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने 24 घंटे में नकबजन किया गिरफ्तार, चोरी के जेवर बरामद
एमएस पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने मकान में रात के समय हुई चोरी के मामले में आरोपी आसिफ (26) को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर सोने का हार, दो पेंडेंट, तीन जोड़ी बालियां, माथे का आभूषण और चांदी की बिछिया बरामद हुई।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
पूर्वी दिल्ली। एमएस पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने मकान में रात के समय हुई चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 26 वर्षीय आरोपी आसिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का हार, दो सोने के पेंडेंट, तीन जोड़ी सोने की बालियां, एक माथे का आभूषण और एक चांदी की बिछिया बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को न्यू मॉडर्न शाहदरा निवासी धीर सिंह के मकान में रात के समय चोरी की सूचना मिली थी। मामले में एमएस पार्क थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान करावल नगर निवासी आसिफ के रूप में हुई। टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की और चोरी का सामान लोन रोड पाइपलाइन के पास एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के आधार पर एमएस पार्क थाने में दर्ज चोरी के चार मामलों के खुलासे का भी दावा किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चोरी, शस्त्र अधिनियम, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर अधिनियम से जुड़े दस आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आया था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होने और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस अब उससे अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



