वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का मुंबई में निधन,पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

संसद की गलियारों से लेकर राष्ट्रीय राजनीति की नब्ज पर बेबाक पकड़ रखने वाली जानी-मानी टीवी पत्रकार पायल मेहता का मुंबई में निधन हो गया। वे महज 46 वर्ष की थीं। 'सीएनएन-न्यूज18' की विशेष संवाददाता पायल मुंबई दौरे पर थीं, जहां रात के वक्त अचानक उनकी तबीयत बेहद बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी नब्ज थम गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का रविवार तड़के मुंबई में 46 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह एक समाचार चैनल से जुड़ी थीं और मुंबई की यात्रा पर थीं। इस दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनका निधन हो गया। वरिष्ठ पत्रकार शीला भट्ट ने सोशल मीडिया पर बताया कि मेहता को रात करीब दो बजे अस्पताल ले जाया गया था।
पायल मेहता को मेहनती और समर्पित पत्रकार के रूप में जाना जाता था। उन्होंने संसद, सरकार और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी खबरों को लंबे समय तक कवर किया। संसद सत्र के दौरान वह सुबह से देर रात तक कार्यवाही पर नजर रखती थीं और राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग करती थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पायल मेहता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें मेहनती पत्रकार बताया। उन्होंने कहा कि मेहता जमीन से जुड़ी रहीं और राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ उनकी पत्रकारिता में दिखाई देती थी। प्रधानमंत्री ने उनके आत्मीय और स्नेहपूर्ण व्यवहार को भी याद किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पायल मेहता विभिन्न मुद्दों की गहराई से जानकारी देने के लिए प्रतिबद्ध और कुशल पत्रकार थीं। उन्होंने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मेहता के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पायल बेहद मेहनती और समर्पित पत्रकार थीं तथा उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता और पेशेवर तरीके से संसद से जुड़ी खबरों को कवर किया। उनके अनुसार, संसद सत्र के दौरान मेहता लगातार कार्यवाही पर नजर रखते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करती थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पायल मेहता को मेहनती और कर्मठ पत्रकार बताते हुए कहा कि सार्वजनिक मामलों पर उनकी गहरी समझ थी। उन्होंने उनके असमय निधन को दुखद बताते हुए परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी उनके निधन पर शोक जताया।
पायल मेहता के निधन पर पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों और अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। उनके सहकर्मियों और परिचितों ने उनके पेशेवर समर्पण और सहज व्यवहार को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button