नागपुर में तेज आवाज वाले डीजे पर पुलिस कमिश्नर विश्वास नांगरे पाटिल की सख्ती, मशहूर ‘हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट’ पर मारा छापा
'हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट' न्यू कॉलोनी इलाके में पार्क एवेन्यू बिल्डिंग की 13वीं मंजिल पर चलता है। जो नागपुर सदर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस कमिश्नर विश्वास नांगरे पाटिल को जानकारी मिली थी कि वहां सरकार की ओर से तय सीमा से ज्यादा तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है।

नागपुर,महाराष्ट्र। शहर में डीजे, डॉल्बी सिस्टम और निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज पर रोक को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर क्षेत्र स्थित एक बार एंड रेस्तरां में छापेमारी कर डीजे उपकरण जब्त किए गए। जांच के दौरान ध्वनि की तीव्रता 100.6 डेसीबल तक दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी स्थित पार्क एवेन्यू इमारत की 13वीं मंजिल पर संचालित हिचकी बार एंड रेस्तरां में निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सहायक पुलिस निरीक्षक भगवान कोली के नेतृत्व में एस्कॉर्ट दस्ते को मौके पर भेजा गया। गवाहों की मौजूदगी में ध्वनि की तीव्रता की जांच की गई। इमारत के बाहर ध्वनि स्तर 63.2 डेसीबल दर्ज हुआ, जबकि 12वीं मंजिल पर जांच के दौरान यह बढ़कर 100.6 डेसीबल पाया गया। पुलिस ने बताया कि तेज आवाज का स्रोत 13वीं मंजिल पर स्थित बार का डीजे सिस्टम था।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया और उपकरण अपने कब्जे में ले लिए। कार्रवाई के दौरान डीजे संचालक दीप शंकरराव मोरे और बार प्रबंधक अभय केशव विरखेड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शिकायत के आधार पर सदर थाने में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों और पुलिस आयुक्त के ध्वनि विस्तारक यंत्रों से जुड़े निषेधाज्ञा आदेशों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार शहर के बार, पब, कैफे और रेस्तरां में निर्धारित ध्वनि सीमा और संबंधित आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ डीजे और अन्य ध्वनि उपकरण जब्त किए जा सकते हैं। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों से निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है।




