रिप्ड जींस और काले चश्मे में दिखे नंदकिशोर गुर्जर, बोले- हम जेन-जेड हैं
नंदकिशोर गुर्जर का जेन-जेड अवतार इस समय सोशल मीडिया पर खासी चर्चा में है। युवा लुक में आने के बाद लोनी विधायक ने अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला।

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर का बदला हुआ अंदाज इन दिनों चर्चा में है। उनका एक वीडियो सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह सामान्य सफेद कुर्ता-पायजामा के बजाय शरीर से सटी टी-शर्ट, फटी जींस और काला चश्मा पहने नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को जेन-जेड बताते हुए कहा कि युवाओं से जुड़ने के लिए उनकी भाषा और पहनावे को अपनाना जरूरी है।
वीडियो में पत्रकारों ने विधायक से उनके बदले हुए पहनावे को लेकर सवाल किया। फटी जींस पहनने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि उनकी ओर जो भी देखता है, उसकी पैंट फटती है। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे जेन-जेड हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जेन-जेड नहीं हैं, तो उन्होंने हामी भरने के बाद कहा कि जब वह जेन-जेड हैं तो इस तरह के कपड़े पहन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं से जुड़ना है।
विधायक ने कहा कि युवाओं से संवाद स्थापित करने के लिए उनकी भाषा और पहनावे को समझना जरूरी है। उन्होंने अपने बारे में कहा कि वह पहले इंजीनियर थे और अब पार्टी के विधायक हैं, लेकिन युवाओं से जुड़ने के लिए वह खुद को जेन-जेड के रूप में देखते हैं। इसी दौरान उन्होंने अंग्रेजी में अपनी उम्र को 18 वर्ष बताते हुए भी टिप्पणी की, जिस पर वहां मौजूद लोग और पत्रकार चर्चा करते नजर आए।
नंदकिशोर गुर्जर ने इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के पहनावे और दलित राजनीति को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि नीले रंग के कपड़े पहनकर वह दलित समाज को पुरानी घटनाओं की याद दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े राजनीतिक संदर्भों का भी उल्लेख किया।
विधायक का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले युवा मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने के लिए विभिन्न राजनीतिक दल सक्रिय नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से भी युवा वर्ग को लेकर लगातार राजनीतिक गतिविधियां की जा रही हैं। ऐसे में नंदकिशोर गुर्जर का खुद को जेन-जेड बताने और युवाओं के अंदाज में नजर आने वाला बयान राजनीतिक हलकों के साथ-साथ सामाजिक माध्यमों पर भी चर्चा का विषय बन गया है।




