राज्य सभा सांसद का जनप्रतिनिधियों से आह्वान, पुन: बनाए भाजपा सरकार
- राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय ने कार्यक्रम को किया संबोधित
- भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री ने विपक्षी पार्टियों को निशाने पर रखा
वराणसी। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को राज्य सभा सांसद व भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पुन: एक बार फिर से भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में जो भी विकास कार्य हुए हैं, उनको देखते हुए भाजपा को चुनें।राज्यसभा सासंद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश, भाजपा सरकार में ही सुरक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, मुख्यमंत्री के मिशन और जनता की भागीदारी से उत्तर प्रदेश का विकास तिगुनी रफ्तार से होगा। सपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इनका समाजवाद से कोई लेना-देना ही नहीं है। सपाई, कभी बसपा तो कभी कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ते हैं। जब-जब सपा की सरकार आती है, गुंडे-बदमाश हावी रहते हैं। सरकारी अधिकारियों के साथ खुलेआम बदसलूकी की जाती है। समाजवादी तो वह होता है जो जनता को भय और भूख से मुक्ति दिलाए। इनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर होता है। इस बात को हमें समझना होगा, प्रदेश की जनता को समझाना होगा।