बिना बड़े सितारों के ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, कमाई 130 करोड़ के पार
नीम करोली बाबा पर आधारित हनुमान अंश ने 32वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर शॉकिंग कमाई की है।

एंटरटेनमेंट डेस्क/नई दिल्ली। नीम करोली बाबा के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद फिल्म की कमाई में कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिल रही है। शुरुआती दौर में धीमी कमाई के बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और अब यह करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही है।
बिना किसी बड़ी स्टार कास्ट और बड़े बजट के बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। दावा किया जा रहा है कि करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ का कारोबार 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। फिल्म के 32वें दिन के शुरुआती कारोबार के आंकड़े भी सामने आ गए हैं, जो इसकी मजबूत पकड़ का संकेत दे रहे हैं।
सैकनिल्क के शुरुआती कारोबार के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पांचवें सोमवार को सात करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। रिलीज के करीब एक महीने बाद सप्ताह के कार्यदिवस में भी फिल्म का करोड़ों रुपये का कारोबार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
‘हनुमान अंश’ की कमाई के शुरुआती 17 दिन अपेक्षाकृत धीमे रहे। पहले दो सप्ताह तक फिल्म की कमाई लाखों रुपये में रही, लेकिन इसके बाद दर्शकों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ और फिल्म के कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली। अब फिल्म की कमाई लगातार करोड़ों रुपये में हो रही है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का घरेलू शुद्ध कारोबार 130 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि भारतीय सकल कारोबार करीब 153 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म के पहले सप्ताह की कमाई करीब 1.08 करोड़ रुपये रही। दूसरे सप्ताह में फिल्म ने लगभग 40 लाख रुपये का कारोबार किया। तीसरे सप्ताह में कमाई बढ़कर 10.40 करोड़ रुपये हो गई। चौथे सप्ताह में फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि पांचवें सप्ताह में चार दिनों के भीतर ही करीब 57 करोड़ रुपये की कमाई बताई जा रही है।
फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई ने इसे सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली फिल्मों की सूची में भी चर्चा में ला दिया है। फिल्म से जुड़े दावे के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने मुनाफे के मामले में ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है। महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म का 130 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध कारोबार करना इसके निर्माताओं के लिए बड़ी व्यावसायिक सफलता मानी जा रही है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की बात कही जा रही है। रिलीज के बाद लगातार बढ़ती कमाई से फिल्म ने साबित किया है कि बड़े सितारों और भारी बजट के बिना भी मजबूत कहानी और दर्शकों का जुड़ाव बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिला सकता है।




