बिहार के मधुबन में खूनी रंजिश में युवक की ताबड़तोड़ चाकू से गोदकर हत्या; आरोपी फरहान फरार
बिहार के पूर्वी चंपारण में एक युवक की मामूली विवाद में चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। जिस पर आरोप लगा है उसके साथ कुछ दिन पहले युवक ने पार्टी की थी। उसी दौरान दोनों में किसी बात पर झगड़ा भी हुआ था।

मोतिहारी/बिहार। मधुबन थाना क्षेत्र के गुलाब खां गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शाह फहद खां के रूप में हुई है, जो गांव निवासी पप्पू खां के पुत्र थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक फहद और आरोपी युवक फरहान पिछले कुछ दिनों से साथ थे। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों ने अपने कुछ साथियों के साथ पार्टी की थी, जहां किसी बात पर कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए थे।
देर रात करीब 12 बजे दोनों युवक फिर घर से बाहर निकले और उनमें विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी फरहान ने चाकू निकालकर फहद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फहद के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अलग करने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने फरहान और उसके साथी इकराम को पकड़कर पीटा भी।
घायल फहद को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस बीच, मुख्य आरोपी फरहान मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उनके परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है।
पकड़ीदयाल एसडीपीओ कुमार चंदन ने घटना स्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।




