पीछे से बुलेट की जोरदार टक्कर से गर्भवती महिला घायल, पति ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र में थाने के सामने तेज रफ्तार बुलेट सवार ने बाइक से जा रहे दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार गर्भवती महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर महेड़ी सुखदेव नगर निवासी रमेश सोनकर अपनी गर्भवती पत्नी को उपचार के लिए कस्बे में लेकर आए थे। इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खखरेरू थाने के सामने पीछे से तेज गति से आ रही बुलेट ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद पीड़ित महिला के पति रमेश सोनकर ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बुलेट सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में उन्होंने बताया कि बुलेट सवार की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक में पीछे से टक्कर लगी, जिसके चलते उनकी गर्भवती पत्नी घायल हो गईं। घटना को लेकर परिवार में भी चिंता का माहौल है।
इस संबंध में कार्यवाहक खखरेरू थाना प्रभारी श्याम सुंदर गिरी ने बताया कि घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।




