रियासी पुलिस ने कटड़ा के होटल में खूनी वारदात के बाद फरार हुए चार आरोपियों को हरियाणा से किया गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़े

रियासी पुलिस ने कटड़ा के एक होटल में हुए हथियारबंद हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरियाणा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया, साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए।

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। बीते दिनों कटड़ा के रेलवे मार्ग पर जिज चौक स्थित एक होटल में हुए हथियारबंद हमले के मामले में रियासी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपितों को हरियाणा राज्य से दबोचा गया। जानकारी के अनुसार बीते 2 मई 2026 को कुछ युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर होटल में जबरन घुस आए और जसविंदर सिंह उर्फ सुंदरि पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल हुए जसविंदर सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटड़ा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस संबंध में थाना कटड़ा में एफआईआर नंबर 137/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 191(2), 191(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपीत गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा भाग गए थे। एसएसपी रियासी मुकुंद तिब्ब्रेवॉल, आईपीएस के निर्देशन में थाना कटड़ा की विशेष टीम ने मानव खुफिया तंत्र और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपितों का पता लगाकर हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अक्षय पुत्र दिलदार (21), साहिल पुत्र केवल (21), सूरज पुत्र इंद्रू (26) तथा राहुल पुत्र रतन लाल (23) निवासी सेरबड़ , कटड़ा के रूप में हुई है। मामले में शामिल दो नाबालिगों की पहचान किशोर न्याय अधिनियम के तहत गोपनीय रखी गई है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कटड़ा इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के नेतृत्व में एसडीपीओ कटड़ा डॉ. भीष्म दुबे तथा एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी, की निगरानी में अंजाम दी गई। रियासी पुलिस ने कहा कि कटड़ा में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button