फतेहपुर में शादी टूटने से आहत युवक ने फंदा लगाकर दी जान, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं

फतेहपुर में प्रेमिका के साथ शादी टूटने के बाद युवक के फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया।

देवब्रत त्रिपाठी/जिला ब्यूरो चीफ

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में प्रेमिका से शादी टूटने से आहत 20 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मूधनपुर गांव निवासी गोरेलाल के दो बेटे अनिकेत और दशरथ उर्फ अभिषेक हैं। उनकी दो बेटियां काजल और पायल हैं। बताया गया कि 20 वर्षीय दशरथ उर्फ अभिषेक का सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से प्रेम-प्रसंग था। करीब 10 दिन पहले ही वह काम से वापस गांव लौटा था।
परिजनों के अनुसार अभिषेक की शादी उसी युवती से तय हो गई थी, लेकिन बाद में युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि रिश्ता टूटने की जानकारी मिलने के बाद अभिषेक काफी आहत था।
गुरुवार दोपहर अभिषेक खेत की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ समय बाद गांव के बाहर जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने एक ट्यूबवेल के डिलीवरी पाइप से रस्सी बंधी देखी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने आसपास देखा तो अभिषेक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी एके पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button