डीएम के निर्देश पर दो दिन में हुई वरासत दर्ज, शिकायतकर्ता ने जताया आभार

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत का जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए महज दो दिन में निस्तारण कर दिया। सराय सैयद अली निवासी मंजर अब्बास ने 25 अगस्त को जनता दर्शन में वरासत दर्ज किए जाने को लेकर शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद राजस्व टीम ने मामले की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए वरासत दर्ज कर दी। शिकायत के शीघ्र निस्तारण से फरियादी को राहत मिली।
वरासत दर्ज होने के बाद 27 अगस्त को मंजर अब्बास पुनः जनता दर्शन में पहुंचे और अपनी समस्या के समाधान की जानकारी जिलाधिकारी को दी। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई किए जाने पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त होने वाली जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि फरियादियों की शिकायतों का नियमानुसार शीघ्र समाधान कर उन्हें प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए।




