जम्मू-कश्मीर के सांबा में निर्माणाधीन फ्लाइओवर का हिस्सा गिरा, एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
सांबा जिले के विजयपुर के जाख इलाके में कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान एक फ्लाईओवर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब चल रहे काम के दौरान स्ट्रक्चर ढह गया।

जम्मू/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के विजयपुर जख क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाइओवर का एक हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइओवर पर निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन ढांचे का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। इसके मलबे में दो मजदूर दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। जांच के दौरान एक मजदूर की मौत की पुष्टि हुई, जबकि घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मृतक मजदूर की पहचान गौतम कुमार पुत्र फल्टन शाह, निवासी समस्तीपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर की पहचान बितीश साहू के रूप में हुई है, जिसका उपचार कराया जा रहा है।
बताया गया कि यह फ्लाइओवर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया जा रहा है। हादसे के समय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी रहती है, लेकिन राहत की बात यह रही कि जिस समय निर्माणाधीन हिस्सा गिरा, उसके नीचे कोई वाहन मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। निर्माणाधीन ढांचे की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।




