पति की बेरहमी से हत्या, पेट चीरकर आंतें बैग में डालने का आरोप; महिला छत से कूदी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महिला ने अपने पति की चाकुओं से बेरहमी से हत्या कर दी। पोस्टमार्टम में पेट पर गंभीर चोटें और आंतें बाहर मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने तीन चाकू बरामद कर जांच शुरू की है।

कुरुक्षेत्र/हरियाणा। कुरुक्षेत्र में 40 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर बेहद बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसकी पत्नी ने चाकुओं से हमला कर उसके पेट को बुरी तरह चीर दिया। घटना के बाद महिला कथित रूप से मृतक की बाहर निकली आंतों को बैग में डाल रही थी। इसी दौरान मकान मालिक के पहुंचने पर महिला छत से नीचे कूद गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह करीब एक वर्ष से अपनी पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में रह रहा था और पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी की सप्लाई का काम करता था।
मकान मालिक रिंकू के अनुसार, राजेश ने मकान की ऊपरी मंजिल पर करीब एक वर्ष से कमरा किराये पर ले रखा था। शाम करीब पांच बजे उसे कमरे से राजेश और विमला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर जब वह छत पर पहुंचा तो राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गंभीर चोटें थीं।
मकान मालिक के मुताबिक, कमरे की ओर जाने पर उसने कथित तौर पर देखा कि राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को विमला एक बैग में डाल रही थी। उसे सामने देखकर महिला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई। गिरने से महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पोस्टमार्टम में भी चोटों की गंभीरता सामने आई है। जांच में बताया गया कि चाकू के वार से पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक खुल गया था और आंतें बाहर निकल आई थीं। पोस्टमार्टम के दौरान करीब आधा लीवर और दाईं ओर की किडनी भी नहीं मिली। हालांकि इन अंगों से संबंधित परिस्थितियों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने पर थर्ड गेट प्रभारी सतीश गौड़ और केयूके प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से छोटे-बड़े तीन चाकू बरामद किए गए हैं।
मकान मालिक ने बताया कि विमला झाड़-फूंक का काम भी करती थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस उसके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद बयान लेने का प्रयास कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटना के पूरे क्रम का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button