संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान, पावन माटी कलश वितरित

भाजपा ने नई दिल्ली में संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर 'समरसता संकल्प अभियान' और 'पावन माटी कलश वितरण' कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सामाजिक समानता, समरसता और न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया, जिसमें नितिन नबीन और रेखा गुप्ता उपस्थित रहे।

नई दिल्ली। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से नई दिल्ली में ‘समरसता संकल्प अभियान एवं पावन माटी कलश वितरण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संत रविदास जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक ऊंच-नीच और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज में एकता और समरसता की मजबूत नींव रखी।
नितिन नबीन ने बताया कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर की गई थी। संत रविदास जी की तपोभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश के माध्यम से उनके सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र में भी संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के विचारों की भावना निहित है। उनके आदर्श समाज में समानता, भाईचारे और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समता, श्रम की प्रतिष्ठा और मानव सम्मान का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि पावन माटी के कलश केवल मिट्टी के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि इनमें संत रविदास जी की तपोभूमि से निकला एकात्मता और सामाजिक समानता का संदेश समाहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरणा लेते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर और गरिमा पहुंचाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। संत रविदास जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, कई सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संत समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानव सम्मान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button