महाराष्ट्र के पुणे में सोनम वाला कांड! शादी से पहले केतन को मंगेतर सिया ने किले से दिया धक्का

पुणे केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में संदिग्ध मौत के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के पुणे जिले में 26 वर्षीय युवक केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभ में इसे हादसा बताया गया था, लेकिन जांच में हत्या की आशंका के चलते पुलिस ने मृतक की मंगेतर सिया गोयल और एक अन्य युवक चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। गहुंजे निवासी और रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े केतन अग्रवाल की 18 जून को लोहगढ़ किले में लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। घटना के समय वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ वहां घूमने गए थे। शुरुआती बयान में सिया ने पुलिस को बताया था कि तेज हवाओं के बीच पैर फिसलने से केतन खाई में गिर गए।
हालांकि, पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में कई संदिग्ध पहलू सामने आए। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य हादसे से अलग प्रतीत हुईं, जिसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि केतन और सिया की शादी इसी वर्ष नवंबर में प्रस्तावित थी और इसके लिए दोनों परिवारों ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ भी संबंध था।
पुलिस के अनुसार, चेतन को सिया और केतन का रिश्ता स्वीकार नहीं था। आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया कि केतन को घूमने के बहाने लोहगढ़ किले पर बुलाया गया, जहां कथित रूप से दोनों आरोपियों ने उसे पीछे से खाई में धक्का दे दिया और घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
घटना के बाद सिया गोयल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई भावुक पोस्ट और वीडियो क्लिप भी जांच का हिस्सा बनी है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button