मेरठ में युवती के लापता होने से मचा हड़कंप, इमाम के बेटे पर साथ ले जाने का आरोप

मेरठ के कचहरी में स्थित एक मस्जिद के इमाम के बेटे पर हिंदू युवती को बहला फुसलाकर भगाने का युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश में तीन टीमें लगाई है।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। कचहरी क्षेत्र स्थित मस्जिद के इमाम के बेटे पर 23 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवती के परिजनों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी युवती के पिता ने शिकायत में बताया कि सोमवार रात उन्होंने अपनी बेटी को मोबाइल पर किसी से बातचीत करते देखा था। पूछताछ करने पर युवती ने सहेली से बात करने की बात कही। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। मंगलवार सुबह पिता काम पर चले गए। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि बेटी घर पर नहीं है। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने युवती की एक सहेली से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक, सहेली से जानकारी मिलने पर कचहरी स्थित मस्जिद के इमाम मंसूर के बेटे फैज के साथ युवती के जाने की बात सामने आई। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि फैज उनकी बेटी से अक्सर फोन पर बातचीत करता था और सोमवार रात भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसके धर्म परिवर्तन की आशंका भी पुलिस के सामने रखी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कचहरी स्थित मस्जिद पहुंचकर इमाम और उसके बेटे के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर इमाम मौके पर नहीं मिला।
पुलिस ने युवती और आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस दोनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी सक्रिय हो गए। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही सहित संगठन के पदाधिकारी थाने पहुंचे और युवती की जल्द बरामदगी की मांग की।
इसी बीच मुजफ्फरनगर के स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस से युवती को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवती की बरामदगी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा और कचहरी स्थित मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने की बात कही। उनके बयान के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 23 वर्षीय युवती को कचहरी स्थित मस्जिद के इमाम के बेटे फैज द्वारा बहला-फुसलाकर साथ ले जाने की शिकायत मिली है। मुकदमा दर्ज कर युवती की बरामदगी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी के बाद उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button